जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
रायगढ़ जिले में एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सख्ती के चलते जुआ खेलने वालों में कार्रवाई का डर जरूर दिखाई दे रहा है, लेकिन दूसरी ओर धरमजयगढ़ क्षेत्र के रैरूमा जंगल में कथित तौर पर 52 परियों का खेल फिर से फलने-फूलने लगा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बाकारुमा क्षेत्र के रैरूमा जंगल में जुए का फड़ सजाया जा रहा है, जहां धरमजयगढ़, पत्थलगांव, लैलूंगा सहित आसपास के क्षेत्रों से जुआ खेलने वाले लोग पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि यहां प्रतिदिन लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी रैरूमा चौकी क्षेत्र में जुए के फड़ पर पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। उस कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संबंधित चौकी प्रभारी और एक प्रधान आरक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई की थी। इसके बावजूद एक बार फिर उसी क्षेत्र में जुए का फड़ संचालित होने की खबर सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश चलाया जा रहा है, तो रैरूमा के जंगल में कथित तौर पर बाहरी जुआरियों का जमावड़ा कैसे लग रहा है? क्या स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर सूचना मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है? अब देखना होगा कि एसएसपी शशि मोहन सिंह इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और रैरूमा के जंगल में चल रहे कथित जुए के फड़ पर कब तक कार्रवाई होती है।

