जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
कभी समाज में शिक्षक को सबसे सम्मानित और आदर्श व्यक्ति माना जाता था। गांव में शिक्षक के आने-जाने पर लोग सम्मान से सिर झुकाते थे, क्योंकि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाने का काम नहीं करता, बल्कि उनके भविष्य और चरित्र निर्माण की जिम्मेदारी भी निभाता है। लेकिन जब गुरुजी ही अपनी गरिमा और जिम्मेदारी को ताक पर रखकर शराब के नशे में सड़कों पर लड़खड़ाते नजर आएं, तो शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। धरमजयगढ़ में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां बीटीआई के शिक्षक मुलाराम कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर डीएफओ बंगले के पास सड़क किनारे गिरे पड़े थे। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें उठाया, लेकिन शिक्षक की हालत ऐसी थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। उठने के बाद भी वे कभी इस दुकान तो कभी उस दुकान के सामने लड़खड़ाकर गिरने लगे। दुकानदारों ने किसी तरह उनका हाथ पकड़कर अपने प्रतिष्ठानों के सामने से हटाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिक्षक मुलाराम की हालत इतनी खराब थी कि वे सड़क पर ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे। इसके बाद वे महाराणा चौक से बीटीआई की ओर लड़खड़ाते हुए जाते दिखाई दिए। यह स्थिति देखकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
पहले भी हो चुकी निलंबन की कार्यवाही, फिर भी नहीं सुधरे हालात!
बताया जा रहा है कि यही शिक्षक विधानसभा चुनाव के दौरान भी शराब के नशे से जुड़े मामले में निलंबित किए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि फिर से ऐसी स्थिति सामने आ रही है, तो यह केवल एक शिक्षक की व्यक्तिगत लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि शिक्षा विभाग की निगरानी और अनुशासन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
शराब के नशे में सड़क पर लड़खड़ाने वाले शिक्षक बच्चों को क्या संस्कार देंगे?
जिस शिक्षक के कंधों पर नौनिहालों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, यदि वही अपनी जिम्मेदारी और पद की गरिमा भूल जाए तो बच्चों पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा, यह समझना मुश्किल नहीं है। अब सवाल यह है कि क्या शिक्षा विभाग इस मामले को भी सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज कर देगा? क्या पूर्व में हुई निलंबन की कार्यवाही के बाद विभाग ने कोई प्रभावी निगरानी की? आखिर कब तक ऐसे मामलों में विभाग की चुप्पी बनी रहेगी? शिक्षा विभाग तत्काल मामले की निष्पक्ष जांच कराए, संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगे और दोष सिद्ध होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही करे। शिक्षक का पद केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की किसी को छूट नहीं दी जा सकती।

