जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम चाल्हा में ग्रामीणों की एकजुटता और जनसहयोग की सराहनीय मिसाल देखने को मिली है। गांव के शिव मंदिर परिसर में पूर्व जनपद सदस्य के पति जीत राम बैगा एवं गांव के जागरूक नागरिकों के विशेष प्रयास और ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर के अहाता (बाउंड्री वॉल) तथा एक शानदार भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया गया है। इस निर्माण कार्य से शिव मंदिर परिसर की सुंदरता और भव्यता में चार चांद लग गए हैं। वहीं गांव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई सुंदरता मिली है। मंदिर परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिलने से ग्रामीणों में खुशी और उत्साह का माहौल है। इस नेक पहल में गांव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और अन्य सहयोगियों ने भी बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। ग्रामीणों का मानना है कि जनसहयोग और आपसी एकता से गांव के विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को भी बेहतर बनाया जा सकता है। ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए जीत राम बैगा सहित सभी सहयोगी वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्राम चाल्हा में हुआ यह कार्य सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है।

