15 नवंबर को होने वाले जनजाति गौरव दिवस की तैयारियों का लेंगे जायजा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का होगा आगमन
जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने आज छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी हेलीकॉप्टर से धरमजयगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान वे अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में आयोजित जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। दोनों बड़े नेताओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन और भाजपा संगठन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने धरमजयगढ़ प्रवास के दौरान कार्यक्रम स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सकते हैं। अधिकारियों के साथ बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, मंच निर्माण, पेयजल, पार्किंग एवं अतिथियों के स्वागत सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जनजाति गौरव दिवस को भव्य एवं सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी सक्रियता से जुटा हुआ है। ऐसे में आज ओपी चौधरी का धरमजयगढ़ दौरा कार्यक्रम की तैयारियों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

