जोहार छत्तीसगढ़ – रायगढ़।
छत्तीसगढ़ में पत्रकारों के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला खरसिया का है, जहां महिला पत्रकार पूजा जायसवाल के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा संबंधित पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस की इस कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर पत्रकार जगत में नाराजगी देखी जा रही है।
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि महिला पत्रकार पूजा जायसवाल के घर में घुसकर मारपीट किए जाने की घटना की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच की जाए तथा मामले में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
समिति ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। यदि पत्रकार ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो निष्पक्ष पत्रकारिता करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। विशेषकर महिला पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को गंभीर और संवेदनशील होना चाहिए। समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में बिना किसी दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

