जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और कार्यक्रम की व्यापक तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने भाजपा की प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंचेंगी। तैयारियों की समीक्षा के लिए 11 नवंबर प्रात: 9.30 बजे जनपद सभागार धरमजयगढ़ में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता स्मृति ईरानी करेंगी। इस बैठक में मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी प्रशांत ठाकुर सहित कोरबा, जशपुर और सरगुजा समेत अन्य जिलों के विधायक, जिला भाजपा अध्यक्ष एवं संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, आवागमन और जनभागीदारी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।
42 जनजातीय समाजों की होगी भागीदारी, सवा लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रदेशभर के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में एक से सवा लाख लोगों की उपस्थिति का अनुमान लगाया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश संगठन ने मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप और सांसद राधेश्याम राठिया को समन्वयक तथा महेश कश्यप को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है।

