जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने जा रहे जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन से लेकर प्रशासन तक पूरी ताकत झोंक रहा है। इसी सिलसिले में आज भाजपा की प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंचीं। उनके आगमन के साथ ही धरमजयगढ़ में भाजपा के दिग्गज नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों का जमावड़ा देखने को मिला। प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ मंत्री, सांसद और विधायक भी तैयारियों की समीक्षा के लिए मौजूद रहे। स्मृति ईरानी ने सबसे पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और वहीं संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया। इसके बाद प्रदेश प्रभारी ने जनपद पंचायत सभागार में मंत्री, सांसद, विधायक एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, भीड़ प्रबंधन, अतिथियों के स्वागत, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक और कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के बाद स्मृति ईरानी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस पहुंचीं, जहां भोजन के पश्चात वे वापस रवाना हो गईं। गौरतलब है कि 15 नवंबर के आयोजन को लेकर भाजपा संगठन में जबरदस्त उत्साह है। कार्यक्रम की सफलता के लिए संत्री से लेकर मंत्री तक सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा, यातायात, मंच, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। अब सभी की निगाहें 15 नवंबर पर टिकी हैं, जब धरमजयगढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आगमन होगा।

