जोहार छत्तीसगढ़-पत्थलगांव।
जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाथ के तहत पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 नग गौवंश को मुक्त कराया है। थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से गौ तस्करों में हड़कंप मच गया है। मुक्त कराए गए सभी गौवंश को सुरक्षित गौशाला में रखा गया है। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जशपुर जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को गौवंश तस्करी की सूचना मिली, जिस पर थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर ग्राम बेलडेगी में घेराबंदी की। पुलिस की रणनीति के सामने तस्करों की एक नहीं चली और मौके से 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 70 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।
चरखापारा मवेशी बाजार की आड़ में चल रहा था तस्करी का खेल!
रायगढ़ जिले के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत चरखापारा में ग्राम पंचायत द्वारा मवेशी बाजार का संचालन किया जा रहा है। यह बाजार किसानों की सुविधा के लिए संचालित होता है, लेकिन इसी बाजार की आड़ में गौवंश की तस्करी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार बेलडेगी में पकड़े गए सभी 70 गौवंश को आरोपियों ने चरखापारा मवेशी बाजार से खरीदा था। इस कार्रवाई के बाद अब चरखापारा मवेशी बाजार में गौवंश की खरीदी-बिक्री और उनके परिवहन की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बाजार में मवेशियों की खरीदी-बिक्री का उचित रिकॉर्ड और निगरानी सुनिश्चित करना भी आवश्यक है, ताकि किसानों के नाम पर संचालित बाजार का दुरुपयोग न हो सके।
जशपुर में जारी है एसएसपी शशि मोहन सिंह के ऑपरेशन शंखनाथ का असर
गौवंश की सुरक्षा के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जशपुर जिले में पदस्थापना के दौरान ऑपरेशन शंखनाथ की शुरुआत की थी। इस अभियान के तहत गौ तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की गई थी। अभियान का असर ऐसा हुआ कि गौ तस्करी के कारोबार से जुड़े कई लोगों ने अपना कामकाज बदलकर होटल और ढाबे तक संचालित करना शुरू कर दिया था। एसएसपी शशि मोहन सिंह का जशपुर से स्थानांतरण होने के बाद भी ऑपरेशन शंखनाथ बंद नहीं हुआ। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है। पत्थलगांव थाना प्रभारी जितेन्द्र ताम्रकार की ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अब देखना होगा कि चरखापारा मवेशी बाजार से गौवंश की खरीदी-बिक्री और उनके परिवहन की व्यवस्था पर संबंधित अधिकारी किस तरह की निगरानी और कार्रवाई करते हैं।

