जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
दीपावली पर्व को देखते हुए धरमजयगढ़ नगर के दुर्गा पूजा ग्राउंड में पटाखा दुकानों का संचालन शुरू करने की तैयारी की जा रही है। लेकिन दुकानों को लेकर नगर पंचायत की अनापत्ति प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पटाखा दुकान लगाने से पहले दुकानदारों को नगर पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना आवश्यक है। इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा नगर पंचायत से अनापत्ति लिए बिना ही दुकानें लगा दी गई हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया है। बताया जा रहा है कि बिना अनापत्ति दुकान लगाने वाले पटाखा दुकानदारों को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। अब सवाल यह उठता है कि जब दुकान लगाने से पहले जरूरी अनुमति और अनापत्ति की प्रक्रिया पूरी करनी होती है, तो आखिर बिना अनुमति के दुकानें कैसे लग गईं? क्या संबंधित दुकानदारों ने नियमों की अनदेखी की है या फिर अनुमति प्रक्रिया को लेकर कोई लापरवाही हुई है?
दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री में सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम बेहद जरूरी हैं। ऐसे में नगर पंचायत प्रशासन को दुकानों की अनुमति, सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

